
संवाददाता
कानपुर। थाना महाराजपुर क्षेत्र में रविवार सुबह एक सड़क हादसा हुआ। कानपुर प्रयागराज नेशनल हाईवे पर आईटीबीपी के समीप फतेहपुर से कानपुर जा रही डीसीएम एक खड़े वाहन से टकरा गई। हादसे में डीसीएम में सवार कल्याणपुर लोकनपुर फतेहपुर के संतोष निषाद की मौत हो गई। दो अन्य लोग घायल हो गए।
घटना सुबह करीब 5:30 बजे की है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डीसीएम बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। सवारियां वाहन में फंस गईं। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दो युवकों को तो बचा लिया। लेकिन संतोष केबिन में बुरी तरह फंस गया था।
पुलिस ने हाइड्रा की मदद से आधे घंटे की मशक्कत के बाद संतोष को बाहर निकाला। उसे सरसौल सीएचसी ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर यातायात बाधित हुआ। पुलिस ने हाइड्रा से क्षतिग्रस्त डीसीएम को हटवाकर यातायात सुचारू करवाया। डीसीएम चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चालक को झपकी आने से हादसा हुआ।
महाराजपुर पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है। पुलिस तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।
सरसौल चौकी प्रभारी रविशंकर ने बताया कि इस मामले में पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।






