March 5, 2026

संवाददाता
कानपुर।
  सीसामऊ में जुए के विवाद में युवक की पीट–पीटकर हत्या कर दी गई। जिलाबदर अपराधी युवक को घर से ले गया था। जिसके बाद आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद एक हत्यारोपी ने वहीं पर नहाया और इसके बाद भाग निकला था।
मृतक की पत्नी ने बताया कि रक्षाबंधन के एक दिन पहले जुआ खेलने को लेकर विवाद हुआ था। जिसके बाद आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया था। पुलिस ने चारों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
सीसामऊ द्वारिकापुरी निवासी सागर वर्मा स्क्रीन प्रिटिंग का काम करते है। परिवार में पत्नी अंशिका और तीन साल का बेटा स्वातिक है। सागर के पिता सुरेश कुमार ने बताया कि सागर का बड़ा भाई आशीष दिव्यांग है। सागर की पत्नी ने बताया कि इलाके में रहने वाले कुछ युवक अक्सर घर के पास जुआ खेलते थे और गाली-गलौज करते थे।
रक्षाबंधन से पहले पति ने जुआ और गाली-गलौज का विरोध किया था। जिस पर आरोपी युवकों ने पति के साथ मारपीट की थी। उस वक्त मौके पर पहुंची पुलिस दोबारा जुआ होने पर आरोपियों को पकड़ने की बात कहकर चली गई थी। जिसके बाद से आरोपी युवक सागर से रंजिश मानने लगे थे।
सोमवार रात इलाके में रहने वाला जिलाबदर अपराधी शोभित उन्हें घर से बुलाकर ले गया था। जिसके बाद से वह घर नहीं लौटे। इलाकाई लोगों ने घर के पास सुलभ शौचालय के पास पति के लहूलुहान हालत में पड़ा होने की सूचना दी। परिजनों ने मौके पर जाकर देखा तो सागर को हैलट अस्पताल ले गए। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे रावतपुर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां आइसीयू में सागर का इलाज चल रहा था।आज सुबह युवक की मौत हो गई। 

मृतक के साथी तुषार सिंह ने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारोपी रोहित सिंह राजपूत उर्फ घंटुल वहीं पर नहाया था। इसके बाद मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पत्नी की तहरीर पर हत्या की प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था।
डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में युवक के साथ मारपीट हुई थी, जिसमें युवक की आज मौत हो गई है। पत्नी अंशिका की तहरीर पर हत्या के प्रयास की धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था, आज हत्या की धारा में बढ़ोत्तरी की गई है। चारों आरोपियों शोभित, आदर्श, हिमांशु उर्फ पुल्ली, रोहित सिंह राजपूत को गिरफ्तार कर लिया गया है।