
संवाददाता
कानपुर। शहर में ठंड और कोहरे का प्रकोप जारी है। रात का तापमान एक बार फिर लुढ़का है। न्यूनतम तापमान 24 घंटे में 3.4 डिग्री गिरकर 6.4 डिग्री दर्ज किया गया। ऐसे में कानपुर यूपी में सबसे ठंडा रहा।
रविवार सुबह बीते दो दिनों की अपेक्षा कोहरा बहुत कम रहा। विजिबिलिटी भी 200 मीटर से ज्यादा रही। कोहरा भले ही कम रहा हो, लेकिन बर्फीली हवा से गलन पड़ रही है।
रविवार की बात करें तो दोपहर में सूरज निकला, हालांकि धूप बेअसर रही। अधिकतम तापमान 18.9 डिग्री दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 3.8 डिग्री कम है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि आने वाले दिनों में नमी के कारण धुंध और ऊंचे बादल, कोहरा रहेगा।
उत्तर पश्चिमी हवा चलेगी, जिनके कारण कानपुर मंडल में रात, दिन के तापमान में उतार-चढ़ाव रहने के साथ सुबह, शाम, रात में भी गलन रहेगी। घना कोहरा भी पड़ने की संभावना है। बारिश की कोई संभावना नहीं है।
सर्दी ने आम जन का पहनावा बदल गया है। उसी के साथ साथ मंदिरों में भगवान की पोशाक भी बदली है। शहर के फेमस इस्कॉन मंदिर में भगवान ने ऊनी पोशाक पहनी है। मंदिर के पुजारी ने बताया कि सर्दी को ध्यान में रखते हुए पोशाक में परिवर्तन किया गया है।
इसी के साथ शहर के आनंदेश्वर, तपेश्वरी, वनखंडेश्वर, पनकी धाम, बारादेवी और सिद्धि विनायक मंदिर समेत मंदिरों में पोशाक में परिवर्तन आया है।






