March 8, 2026

संवाददाता
कानपुर। 
मौसम ने करवट बदली है और देर रात से हो रही बारिश की वजह से तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। मंगलवार को जहां अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस था, वहीं बुधवार को यह गिरकर 29 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। तापमान में 4 डिग्री की गिरावट से उमस भरी गर्मी से जूझ रहे लोगों को काफी राहत मिली है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि गुरुवार को भी बारिश होगी और दिन भर बादल छाए रहेंगे। शाम के समय ठंडी हवाओं के साथ मौसम सुहावना रहेगा। बुधवार को न्यूनतम तापमान 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम आर्द्रता 82 प्रतिशत और न्यूनतम 55 प्रतिशत रही। हवा की रफ्तार 7 से 11 किलोमीटर प्रति घंटा दक्षिण-पश्चिमी दिशा से चली। वहीं, बीते 24 घंटे में वर्षा का कोई आंकड़ा दर्ज नहीं किया गया।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक 18 सितम्बर से 20 सितम्बर तक कानपुर और आसपास के क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इस दौरान कहीं-कहीं बूंदाबांदी और हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में दिन का तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है, जिससे लोगों को उमस से राहत मिलेगी।
डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि शाम का समय आम दिनों के मुताबिक थोड़ा ठंडा रहेगा। शाम के वक्त हल्की बूंदाबांदी होने की ज्यादा संभावना है।