April 25, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
गुरुवार को सुबह  मौसम ने अचानक करवट ली। यहां सुबह से ही तेज आंधी-बारिश शुरू हो गई और घने काले घने बादल छा गए। सुबह साढ़े 8 बजे तक शहर में अंधेरा ही छाया रहा। सड़कों पर लोगों को गाड़ियों की हेडलाइट जलाकर निकलना पड़ा। बरसात से सड़कों पर पानी भर गया। मौसम विभाग के मुताबिक रविवार तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। 7.2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक बीते 48 घंटे से रात के तापमान में बढ़ोतरी जारी थी, लेकिन बारिश ने राहत दी है। बारिश के बाद न्यूनतम तापमान में करीब 8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक अभी कुछ दिनों तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि गुरुवार को दोपहर बाद कानपुर में मौसम में बदलाव का अनुमान जताया था, लेकिन देर रात से ही बादल छाने लगे और तड़के सुबह से बारिश जारी है। शुक्रवार को भी मौसम में यही बदलाव बना रहेगा।
मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक मौसम में उमस बरकरार रहेगी। नम हवाओं के आने और कड़ी धूप निकलने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ेगा। तेज धूप के साथ बंगाल की खाड़ी से आई नमी के चलते उमस जैसी स्थितियां रहीं।

उमस के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई। अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री रहा जो सामान्य से अधिक है। न्यूनतम पारा 25 डिग्री से बढ़कर 26.2 डिग्री हो गया। रात में बादलों के कारण तापमान में वृद्धि हुई थी।
बारिश से किसानों की खेतों में खड़ी फसल को  नुकसान होने की पूरी संभावना है। तेज हवाओं ने जहां गेहूं की फसलों को गिरा दिया है, वहीं बारिश से सूखी फसल गीली होने से सड़ने लगेगी। इससे इस बारिश ने किसानों के माथे पर चिंता की लकीर खींच दी है।