March 8, 2026

संवाददाता 
कानपुर।
  ई-रिक्शा से आए चोर ट्रांसपोर्ट के बाहर रखा हार्डवेयर का सामान चुरा ले गए। इसकी कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई जा रही है। माल नहीं पहुंचने की जानकारी पर ट्रांसपोर्टर के होश उड़ गए।
ट्रांसपोर्ट में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली तो चोर माल उठाकर ले जाते दिखे, इसके बाद ट्रांसपोर्टर ने पुलिस से शिकायत की। चोरी का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
किदवई नगर के रहने वाले श्याम शुक्ला का मिलिट्री कैंप चौकी क्षेत्र के रत्तूपुरवा में वरूणा ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन के नाम से ट्रांसपोर्ट हैं। श्याम ने बताया कि अलीगढ़ से छाबड़ा ट्रांसपोर्ट ने उन्हें जौनपुर के लिए सात हार्डवेयर के सामान बुक किए थे, जोकि ट्रांसपोर्ट के बाहर रखे थे।
देर रात चौकीदारों के नींद में होने का फायदा उठाकर ई-रिक्शा से आए चालक समेत तीन चोरों ने ट्रांसपोर्ट के बाहर रखे हार्डवेयर के नगों को पार कर दिया, जिनकी कीमत लगभग 2 लाख है। इधर, जौनपुर माल नहीं पहुंचने पर दुकानदार ने उनसे संपर्क किया तो उन्हें सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो चोरी की जानकारी हुई।
इसके बाद पूर्व विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया, व्यापारी नेता ज्ञानेश मिश्रा के साथ ट्रांसपोर्टर श्याम गर्ग, लवी गांधी समेत अन्य के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। जूही थाना प्रभारी केके पटेल ने बताया कि मुकदमा दर्ज करके सीसीटीवी कैमरे की फुटेज और सर्विलांस की मदद से घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।