March 6, 2026

संवाददाता
कानपुर।
नगर के घाटमपुर कस्बे के जहानाबाद रोड स्थित एक ढाबे के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वह जहानाबाद से अपने होटल के लिए सब्जी लेने के लिए कस्बा स्थित मंडी आ रहा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसे को अंजाम देने वाले वाहन का पता नहीं चल सका है।

जनपद फतेहपुर के कोड़ा जहानाबाद निवासी शमशेर होटल चलाता था। शनिवार को तड़के वह होटल के लिए सब्जी लेने घाटमपुर मंडी बाइक से आ रहा था। तभी जहानाबाद रेलवे क्रासिंग के आगे बिल्लू होटल के पास अज्ञात वाहन बाइक सवार युवक को टक्कर मारते हुए भाग निकला। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक के जेब से मिले मोबाइल फोन के जरिए परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। थाना प्रभारी धनंजय कुमार पांडेय ने बताया कि परिजनों को सूचना देकर युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।