
संवाददाता
कानपुर। सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र के सकरापुर गांव में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाया। मकान मालिक पुष्पेंद्र पासवान की मां की क्रशर मशीन में आने से मृत्यु हो गई थी। वह प्लास्टिक दाना बनाने का काम करती थीं।
अंतिम संस्कार के लिए पूरा परिवार बड़े भाई सुरेश के घर गया हुआ था। पुष्पेंद्र भी अपने पिता रामप्रसाद के साथ वहीं रुके थे। इस दौरान चोरों ने खाली मकान का फायदा उठाया। उन्होंने मुख्य दरवाजे से घर में प्रवेश किया। चोरों ने घर में रखे बक्से और अलमारी का ताला तोड़ दिया। वे 13 हजार रुपए की नकदी और करीब 2 लाख रुपए के जेवरात लेकर फरार हो गए।
अगली सुबह जब रामप्रसाद घर लौटे, तो कमरे का टूटा ताला देखकर उन्हें चोरी का पता चला। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
थाना प्रभारी सेन पश्चिम पारा कुशल पाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।






