July 1, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर। 
मंगलवार की सुबह बादलों के साथ हुई। रात से बादलों की आवाजाही शुरू हो गई थी। पश्चिमी विक्षोभों के बिखराव के कारण फिलहाल मौसम अब एक समान रहने की संभावना है।
दिन में तेज गर्म हवाएं और रात में सर्द हवाएं चलेंगी। बदली के चलते तेज सर्द हवाओं के कारण दिन का तापमान तीन डिग्री गिर गया। रात का पारा भी दो डिग्री गिर गया। फिलहाल, रात-दिन तेज हवाएं चलती रहेंगी।
29 जनवरी, 31 जनवरी, 01 और 03 फरवरी को आए विक्षोभों के बाद पहाड़ों पर न तो अधिक बर्फबारी हो रही है और न ही बारिश हो रही है। इस कारण बर्फीली हवाएं नही चल पा रही हैं। विक्षोभ के प्रभाव के कारण हल्के बादल छा गए। इससे रात का पारा चढ़ गया लेकिन दिन का तापमान गिर गया।
जब तक हल्के बादल रहेंगे तब तक दिन का पारा कम और रात का ज्यादा रहेगा। दिन का पारा 29.4 से घटकर 26.4 डिग्री सेल्सियस हो गया। इसके बाद भी पारा सामान्य से 4.1 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम पारा 9.8 से बढ़कर 11.8 डिग्री सेल्सियस हो गया।
हवा की दिशा में बदलाव हो गया है। हवाएं उत्तर पश्चिमी से दक्षिण पश्चिमी हो गईं। दिन में हवा की रफ्तार 25-30 किमी प्रति घंटे रही।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि लगातार आ रहे कमजोर विक्षोभों के कारण सर्दी समय से पहले ही कम हो गई है। 10 फरवरी से पहले उत्तर पश्चिमी हवाएं अगर चलेंगी तो सर्द नहीं होंगी। तेज धूप के कारण यह गर्म हो सकती हैं।