आ स. संवाददाता
कानपुर। पुणे की इंडो इथेलेटिक्स सोसाइटी के द्वारा प्रतिवर्ष एक लम्बी दूरी की साईकिलिंग की राइड आयोजित की जाती है। इसके जरिये लोगों को स्वच्छ व स्वस्थ पर्यावरण के संदेश से जागरूक किया जाता है ।
लगातार कई वर्षो में साईकिलिंग राइड आयोजित कर रही इस संस्था का इस साल लगातार पांचवां वर्ष है। इससे पहले के चार वर्षो में साईकिल से पुणे से कन्याकुमारी, पुणे से गोवा, पुणे से हम्पी, पुणे से सोमनाथ गुजरात की सफलतापूर्वक यात्रा की जा चुकी है।
आज कानपुर पहुंची यह यात्रा 5 दिन पूर्व पुणे से शुरू हुई थी। कानपुर से रविवार सुबह पूरा दल लखनऊ के लिए रवाना हुआ। इस वर्ष पुणे से बनारस तक 1700 किलोमीटर की साईकिल यात्रा का आयोजन किया गया है। इस यात्रा को 4 दिसंबर तक पूरा किया जाना है।
इस इंडो एथलेटिक्स सोसायटी के संस्थापक सदस्य गजानन खैरे ने बताया कि इस वर्ष अयोध्या की राइड के लिए नियोजन समिति ने सहमति दी। यह दल अयोध्या होकर बनारस जायेगा। इस साईकिल राइड की तीन महीने पहले तैयारी शुरू हुई थी।
इंडो एथलेटिक्स सोसायटी 35,000 सदस्यों की संख्या वाली भारत की स्वास्थ्य और खेल क्षेत्र में काम करने वाली सबसे बड़ी संस्था है। देश को प्रदूषण मुक्त करना, बाइक टू वर्क अवधारणा, पर्यावरण और युवा पीढ़ी को स्वास्थ्य के महत्व को समझाना ही संस्था का मुख्य उद्देश्य है। यह संस्था वर्ष भर विभिन्न स्वास्थ्य और पर्यावरण के क्षेत्र में कार्यक्रमो का आयोजन करती रहती है।