
आज़ाद संवाददाता
कानपुर। स्वतंत्रता दिवस पर होने वाले हर घर तिरंगा अभियान के तहत कानपुर नगर को 4 लाख राष्ट्रीय ध्वज तैयार करने का लक्ष्य मिला है। इस जिम्मेदारी को जनपद की 465 महिलाओं ने अपने कंधों पर लिया है और 146 स्वयं सहायता समूहों में तिरंगे की सिलाई जोरों पर है। मशीनों की घरघराहट के बीच देशभक्ति की लय गूंज रही है।
40 संकुल स्तरीय संघों से जुड़े इन समूहों की महिलाएं प्रतिदिन औसतन 55 हजार झंडे बना रही हैं। तैयार तिरंगे शासन के निर्देश के अनुसार ग्राम पंचायतों में वितरित किए जा रहे हैं। विकास खंड कार्यालयों से ग्राम प्रधानों तक पहुंचाए जा रहे झंडे 13 से 15 अगस्त के बीच हर घर पर लहराएंगे।
अभियान के पहले चरण में विद्यालयों और संस्थानों में वाद-विवाद, चित्रकला और देशभक्ति गीत प्रतियोगिताएं हुईं। दूसरे चरण में तिरंगा यात्रा, प्रभात फेरी और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। तीसरे चरण में 15 अगस्त को ध्वजारोहण और सभी सरकारी व निजी भवनों पर तिरंगा फहराने की योजना है।
डीसी एनआरएलएम सुधा देवी ने बताया कि महिलाएं दिन-रात मेहनत कर समय पर लक्ष्य पूरा कर रही हैं। मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने कहा कि हर घर तिरंगा स्वतंत्रता की गौरवगाथा का सामूहिक उत्सव है, और नागरिकों को हरघरतिरंगा.कॉम पोर्टल पर तिरंगे के साथ अपनी तस्वीर अपलोड करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।






