
संवाददाता
कानपुर। गुजैनी थाना क्षेत्र के अंबेडकर नगर के कच्ची मडैया इलाके में सोमवार तड़के चोरी का प्रयास करने वाले एक संदिग्ध को लोगों ने पकड़ लिया। जानकारी के अनुसार क्षेत्र के आशुतोष श्रीवास्तव के घर में सोमवार को तड़के करीब 4:30 बजे एक युवक चोरी की नीयत से घुस आया। मोहल्ले के लोगों की नींद उस समय टूटी जब संदिग्ध युवक छत पर हलचल करने लगा।
आसपास के लोगों ने शोर मचाया तो आरोपी युवक भागने की कोशिश करने लगा। खुद को घिरता देख उसने स्थानीय लोगों पर पथराव भी कर दिया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। हालांकि, मोहल्ले के लोगों ने साहस दिखाते हुए उसे दबोच लिया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई और घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना पर पुलिस टीम पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। थाने में पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम हिमांशु प्रजापति बताया। उसने बताया कि वह रूरा के पास बानीपारा का रहने वाला है और उसके पिता का नाम राकेश प्रजापति है। पुलिस उसकी हिस्ट्रीशीट तलाश रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मोहल्ले में कई दिनों से संदिग्ध व्यक्तियों की आवाजाही देखी जा रही थी। लोगों का आरोप है कि रात में गश्त की कमी के कारण असामाजिक तत्व सक्रिय हो जाते हैं। इस घटना के बाद मोहल्ले में दहशत का माहौल है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, पुलिस ने आमजनो से अपील की है कि संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत सूचना दें।






