July 1, 2025

संवाददाता

कानपुर। नगर समेत आसपास के जिलों में आंधी-बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। आज भी कानपुर में बारिश को लेकर स्थानीय स्तर पर अनुमान जताया गया है। कल भी दोपहर में धूप निकली, लेकिन दोपहर बाद बादलों ने डेरा डाल दिया था। सोमवार सुबह से बादलों की आवाजाही के चलते धूप-छांव का क्रम जारी रहा। हवाएं चलती रही।
बादलों के चलते दिन में तो राहत हो रही है, लेकिन रात को छाए बादलों ने न्यूनतम तापमान चढ़ा दिया है। न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री अधिक होकर 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए गए। वहीं नौतपा में भी अधिकतम तापमान 2.3 डिग्री कम होकर 38.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विशेषज्ञ डा. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि 5 जून तक अभी मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। स्थानीय स्तर पर नमी अधिक हुई तो बारिश होने की संभावना है। हालांकि हवा में नमी का प्रतिशत अभी 59 फीसदी बना हुआ है। वहीं आज पूरे दिन 6 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलती रहीं।
मौसम विज्ञानी के मुताबिक माहौल में दोतरफा नमी बढ़ी है। कैस्पियन सागर की हवाओं की नमी माहौल के ऊपरी हिस्से में भर रही है, वहीं अरब सागर से आने वाली हवाओं की नमी नीचे से माहौल में समा रही है। इससे बादलों की आवाजाही बढ़ गई है।
दोपहर बाद मौसम इसी वजह से बदल रहा है। उन्होंने बताया कि 5 जून तक इसी तरह मौसम रहने के आसार हैं। दिन में उमस भरा माहौल रहेगा। इसके बाद शाम को मौसम में बदलाव होगा।