May 23, 2025

संवाददाता
कानपुर।
  भारत-पाकिस्तान में चल रहे तनाव के बीच पुंछ में गुरुद्वारा साहिब पर हुए हमले में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए सिख वेलफेयर सोसाइटी ने अरदास की। 

इस शोक सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सरदार गुरविंदर सिंह छाबड़ा विक्की ने कहा कि सिखों के धार्मिक स्थल ननकाना साहिब व करतारपुर साहिब को पाकिस्तान के कब्जे से मुक्त कराया जाए।
पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत पाक सीमा पर तनाव की स्थितियां बनी हुई है। पाकिस्तान की ओर से की गई गोलाबारी में पुंछ के गुरुद्वारा साहिब में ग्रंथी, रागी समेत कई लोगों की मौत हो गई थी। आज सरोजनी नगर में सिख वेलफेयर सोसाइटी की ओर से मृतकों की आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
सोसाइटी के प्रदेश अध्यक्ष सरदार गुरविंदर सिंह छाबड़ा विक्की ने प्रधानमंत्री मोदी से अपील की कि जिस तरीके से पाकिस्तान जवाब चाहता है, उसको उसी की भाषा में जवाब दिया जाए। उन्होंने कहा कि सिख समाज सीमा पर जाकर भारतीय सेना के कंधे से कंधा मिला कर जंग करने के लिए तैयार हैं।
सोसाइटी के प्रदेश महामंत्री डॉ. मनप्रीत सिंह भट्टी ने कहा कि सिख सेवा, समर्पण और त्याग की मूरत है, सिख समाज के लोग भारत की सेना के साथ खड़े हैं। सिख वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष सरदार चरणजीत सिंह ने जोश में जयकारों के साथ जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल के उद्घोषों के साथ आक्रोश व्यक्त किया।
उन्होंने पाकिस्तान को नक्शे से समाप्त करने की बात भी कही। श्रद्धांजलि सभा में रिंपी बिंद्रा, हरविंदर सिंह पूनी, सरबप्रीत सिंह रौनक, बलबीर सिंह सरना, हरजीत सिंह भाटिया, रंजीत सिंह बिल्लू, लक्की छाबड़ा, संदीप छाबड़ा मौजूद रहे।