January 18, 2026

संवाददाता

कानपुर। रतनलाल नगर में ऑटो पार्ट्स व्यापारी के घर से उसके पुराने नौकर ने मौके का फायदा उठा कर 5 लाख रुपए का माल पार कर दिया। घटना के समय व्यापारी अपनी बेटियों संग जन्माष्टमी मनाने मथुरा गए थे। वापस घर पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो फुटेज में संदिग्ध घर से निकलता दिखाई दिया। युवक व्यापारी का पुराना नौकर निकला, जिसके हाथ में एक थैला था। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।
रतनलाल नगर की स्टेट बैंक कालोनी में रहने वाले मनोज चड्ढा ने बताया कि उनकी पत्नी की मौत 24 अप्रैल को हो गई थी। जिसके बाद वह 8 अगस्त को दो बेटियों के साथ मथुरा गए थे। 11 अगस्त को सुबह लौटे तो घर के पीछे के दरवाजे के ऊपर लगा रोशनदान टूटा था। जबकि घर का सामान अस्त व्यस्त था। अलमारियां और लॉकर खुले हुए थे।
जिस पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। फुटेज चेक करने पर 10 अगस्त की रात करीब 9 बजे एक युवक बाउंड्री फांद कर घर में दाखिल होते दिख रहा है। जो चोरी करने के बाद थैला लेकर बाहर निकला है। पुलिस ने फुटेज मनोज को दिखाई तो उसने युवक की पहचान पूर्व नौकर चन्द्रपाल बाल्मीकि के रूप में की। जो कि गोविंदनगर रामलीला मैदान के पास रहता है। 

मनोज ने बताया कि चोर उनके घर से जेवर, 1.9 लाख की नकदी, 50 डॉलर और 80 थाईबात (थाईलैंड की मुद्रा) ले गया है। 

गोविंद नगर इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है। 

Related News