
संवाददाता
कानपुर। जीवित भाइयों को फर्जी दस्तावेजों के जरिए मृत दिखाकर उनकी हड़पी गई भूमि को एसडीएम नरवल ने पीड़ित भाइयों को वापस दिला दिया है।
नरवल तहसील क्षेत्र में जीवित भाइयों को मृत दिखाकर पैतृक भूमि हड़पने का एक मामला सामने आया था। इस फर्जी वरासत को एसडीएम नरवल विवेक कुमार मिश्रा ने खारिज कर दिया है।
ग्राम बौसर निवासी राजू सिंह ने एसडीएम नरवल से शिकायत करते हुए आरोप लगाया था कि उन्हें और उनके भाइयों गुड्डू सिंह व सूर्यभान सिंह को मृत दिखाकर उनकी पैतृक जमीन की वरासत चंद्रभान सिंह के पुत्रों सौरभ सिंह, गौरव सिंह और रौनक सिंह के नाम दर्ज करा लिया गया था।
पीड़ित राजू सिंह ने इसे गंभीर धोखाधड़ी बताते हुए मामले की जांच की मांग की थी। नायब तहसीलदार द्वितीय की रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ कि सभी हिस्सेदार जीवित हैं और उनके बयान भी दर्ज किए गए हैं।
इस सम्बंध में एसडीएम नरवल विवेक कुमार मिश्रा ने बताया कि नायब तहसीलदार की रिपोर्ट के आधार पर फर्जी वरासत को खारिज कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जमीन अब सभी जीवित हिस्सेदारों के नाम दर्ज कर दी जाएगी।






