
संवाददाता
कानपुर। एक ई-रिक्शा चालक द्वारा नियमों की अवहेलना करने का मामला सामने आया है। महाराजपुर थाना क्षेत्र में एक ई-रिक्शा में 13 सवारियां एक साथ यात्रा करते हुए दिखाई दीं। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस का कहना है कि मामला संज्ञान में आया है और इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि ई-रिक्शा में 10 यात्री नीचे बैठे हैं और 3 यात्री छत पर सवार हैं। यह घटना कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाइवे पर नरवल मोड़ से आईटीबीपी के बीच की है।
ई-रिक्शा चालक कई किलोमीटर तक इतनी अधिक सवारियों के साथ हाइवे पर चलता रहा लेकिन प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। सरसौल कस्बे में ई-रिक्शा को मालवाहक वाहन की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है।
यह स्थिति तब है जब ई-रिक्शा संचालन के लिए सख्त नियम बनाए गए हैं। चालक न केवल अपनी बल्कि यात्रियों की सुरक्षा को भी खतरे में डाल रहा है। हाइवे पर इस तरह का लापरवाह वाहन संचालन गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है।






