
संवाददाता
कानपुर। पूरे कानपुर मंडल में पूरी रात रुक-रुक कर बारिश होती रही। इससे सुबह का मौसम काफी ठंडा रहा। मौसम विशेषज्ञों की माने तो अभी 15 अगस्त तक मौसम ऐसा ही रहने वाला हैं। वहीं, बुंदेलखंड क्षेत्र में ज्यादा बारिश होने की संभावना जताई गई हैं।
कानपुर की बात करे तो यहां पर अभी तक 40 प्रतिशत से भी अधिक बारिश हो चुकी हैं। अभी बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। आज भी आसमान पर बादल छाए हुए हैं।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि कानपुर में अभी तक 40 प्रतिशत ज्यादा बारिश हो चुकी हैं। कानपुर में 340.8 मिली मीटर बारिश होनी चाहिए थी, लेकिन अभी तक 450 मिली मीटर का आंकड़ा पार हो चुका हैं।
डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि आगरा में 47 प्रतिशत बारिश अधिक हुई हैं। इसी तरह हमीरपुर में 103 प्रतिशत बारिश ज्यादा हुई हैं। वहीं, आसपास के कई जिले ऐसे भी है जहां पर बारिश कम रिकॉर्ड की गई हैं। उन्नाव, मैनपुरी, सीतापुर, फतेहपुर, लखनऊ में बारिश कम रिकॉर्ड हुई हैं।
डॉ. पांडेय ने बताया कि कानपुर में अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया हैं। न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री रहा हैं। अधिकतम आर्द्रता 89 प्रतिशत, न्यूनतम आर्द्रता 73 प्रतिशत रही। हवा की औसत गति 4.9 किमी प्रति घंटा के हिसाब से पश्चिम की ओर चली हैं।
मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक टर्फ लाइन पंजाब के भटिंडा, अंबाला, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, वाराणसी, बिहार के डाल्टनगंज से पश्चिम बंगाल होते हुए बंगाल की खाड़ी पर जा रही है।






