
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर के उत्तरीपुरा में सांसद अशोक रावत ने दिव्यांगजनों को उपकरण वितरित किए। यह वितरण सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत एक निजी गेस्ट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में किया गया। इस दौरान 20 मूक-बधिर स्कूली बच्चों सहित अन्य दिव्यांगों को ट्राई साइकिल, बैसाखी, कान की मशीन और हाथ की छड़ी जैसे उपकरण प्रदान किए गए।
कानपुर से पहुंची मां सरस्वती मूक-बधिर बच्चों की संस्था के बच्चों को विशेष रूप से कान के उपकरण दिए गए। इनमें तन्मय, रोशनी, दिवाकर, खुशबू, कोमल, आदित्य शर्मा, ओम शर्मा और उत्कर्ष पाल जैसे बच्चे शामिल थे, जिन्हें सांसद अशोक रावत ने स्वयं उपकरण सौंपे। उपकरण पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी। कई अन्य लोगों को बैसाखी और ट्राई साइकिल भी वितरित की गईं, साथ ही कई लोगों का पंजीकरण भी किया गया।
सांसद अशोक रावत ने इस अवसर पर कहा कि दिव्यांगजनों को सशक्त बनाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ये उपकरण उन्हें स्वतंत्रता और आत्मनिर्भरता की राह पर ले जाएंगे और ऐसी पहलें भविष्य में भी जारी रहेंगी ताकि हर जरूरतमंद तक सहायता पहुंच सके।
पूर्व जिला उपाध्यक्ष जेपी कटियार ने इसे दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा में लाने में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने वरिष्ठ जनों के सम्मान की परंपरा पर भी प्रकाश डाला।
इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय सांसद अशोक रावत के साथ भाजपा जिला प्रभारी राधेश्याम पांडेय, महामंत्री राजेंद्र कटियार, शिवराजपुर ब्लाक प्रमुख शुभम वाजपेई, महिला मोर्चा गीता गुप्ता, पूर्व जिला उपाध्यक्ष जेपी कटियार, नील कमल चौहान सहित कई अन्य भाजपा नेता और स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।






