March 14, 2025

आ स. संवाददाता 

कानपुर। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय कानपुर के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में राष्ट्रीय संविधान दिवस के उपलक्ष्य में एक वृत्तचित्र का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर विभाग के सभी शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थियों ने भारतीय संविधान के प्रति अपनी निष्ठा और समर्पण व्यक्त करते हुए शपथ ली। 

इस कार्यक्रम की शुरुआत में एक प्रेरणादायक डाक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई गई, जिसमें भारतीय संविधान के निर्माण, उसके उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डाला गया। इस  फिल्म के माध्यम से विद्यार्थियों को यह बताया गया कि  हमारा संविधान न केवल हमारे अधिकारों का संरक्षण करता है, बल्कि यह हमारी जिम्मेदारियों और कर्तव्यों का  भी निर्धारण करता है। इसके साथ ही विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि हमारा संविधान हमें स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे के सिद्धांतों पर चलने हेतु प्रेरित  करता है। हमें अपने देश के प्रति अपने कर्तव्यों को निभाने का संकल्प लेना चाहिए, जिससे हम एक सशक्त और समृद्ध राष्ट्र का निर्माण कर सकें। 

संविधान दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि यह हमारी राष्ट्रीय एकता और अखण्डता के प्रति समर्पण का भी प्रतीक है।

इस कार्यक्रम का समापन भारतीय संविधान की शपथ लेने के साथ हुआ। सभी ने यह शपथ ली कि हम भारत के नागरिक, अपने संविधान का सम्मान करते हुए, देश की अखण्डता और संप्रभुता की रक्षा करने का संकल्प लेते हैं। इस शपथ को लेते समय हर दिल में देशभक्ति का भाव देखा जा सकता था।

इस कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान के बारे में खास जानकारी प्राप्त हुई। उन्हें भारतीयता, राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति की भावना की गहरी समझ मिली।

इस संविधान दिवस कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष डॉ. योगेन्द्र कुमार पाण्डेय, डॉ. जितेन्द्र डबराल, डॉ. दिवाकर अवस्थी, डॉ. विशाल शर्मा, डॉ. रश्मि गौतम, डॉ. ओमशंकर गुप्ता, प्रेम किशोर शुक्ला, सागर कनौजिया आदि लोग उपस्थित थे।