June 21, 2026

आ स. संवाददाता 
कानपुर ।
महाराजपुर में मंगलवार तड़के करीब 5 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। मथुरा से महाकुंभ जा रहे श्रद्धालुओं से भरा एक लोडर सरसौल ओवरब्रिज के पास डिवाइडर से टकरा गया। इस हादसे में 2 वर्षीय बच्ची यामिनी की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन लोग घायल हो गए।
घटना उस समय हुई जब लोडर चालक को झपकी आ गई और वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। लोडर में 13 श्रद्धालु सवार थे। घायलों को सरसौल सीएचसी में प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया, जहां तीन की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायलों में रमेश बाबू, संतोष बाबू, जगदीश, गुड्डी देवी, काना, रतनम, ज्योति, सुरेश कुमार, श्याम, प्रयामु और 7 माह की वंशिका शामिल हैं। सभी घायल मथुरा और आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं।
हादसे के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग-2 पर करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाया और यातायात को सुचारू किया। 

महाराजपुर थाना प्रभारी के अनुसार मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। 

Related News