
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर में सराय देवहा गांव में एक मकान पर आकाशीय बिजली गिरने से हड़कंप मच गया। किसान शिवकांत दिवाकर के मकान की छत पर बिजली गिरी। इस घटना में छत में सुराख हो गया और छत पर रखी पानी की टंकी फट गई।
घटना के वक़्त बारिश शुरू होने पर शिवकांत अपने परिवार के साथ घर में मौजूद थे। अचानक तेज आवाज के साथ उनकी छत पर आकाशीय बिजली गिरी। इस दौरान दीवार का प्लास्टर भी उखड़ गया।
बिजली गिरने से टंकी से जुड़ा पाइप भी उखड़कर दूसरी छत पर जा गिरा। तेज आवाज और बिजली की चमक से न केवल शिवकांत का परिवार बल्कि आसपास के लोग भी सहम गए। सौभाग्य से घटना के समय छत पर कोई नहीं था, वरना बड़ी दुर्घटना हो सकती थी।






