June 19, 2026

संवाददाता
कानपुर।
इंडिया टीम के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर के लिए हमेशा से कानपुर का ग्रीनपार्क स्टेडियम लकी रहा हैं। श्रेयस का आईपीएल मैच हो यार फिर टेस्ट दोनों में उन्होंने अपनी बेहतरीन छाप छोड़ी हैं। इस बार वह भारत ए की कप्तानी करने के लिए फिर से कानपुर आ गए हैं। 
भारत ए के कप्तान श्रेयस अय्यर इस बार जब मंगलवार को आस्ट्रेलिया ए के खिलाफ बल्लेबाजी करने उतरेंगे तो वह ग्रीन पार्क में अपने शानदार रिकार्ड को बरकरार रखने का पूरा प्रयास करेंगे। श्रेयस की धुंआधार बल्लेबाजी देखने के लिए क्रिकेट प्रेमी काफी उत्साहित है।
अय्यर वर्ष 2014 में सबसे पहले ग्रीनपार्क में मेजबान उत्तर प्रदेश के खिलाफ मुंबई की टीम से रणजी मैच खेलने आए थे। इस मैच में अय्यर ने 53 रनों पर पांच विकेट गिरने के बाद नाजुक स्थिति में आई मुंबई की टीम को 75 रनों की अर्धशतकीय पारी खेलकर जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी।
इसके बाद अय्यर वर्ष 2017 में ग्रीनपार्क में हुए आईपीएल मैच में दिल्ली डेयरडेविल्स की तरफ से गुजरात लॉयंस के खिलाफ खेलने उतरे थे। इस मैच में अय्यर ने 57 गेंदों में 96 रनों की तूफानी पारी खेलकर टीम को दो विकेट से जीत दिलाई थी।
भारत की तरफ से 14 टेस्ट मैच खेल चुके अय्यर का वर्ष 2021 में भारत और न्यूजीलैंड के खिलाफ ग्रीनपार्क में खेले गये टेस्ट मैच में पर्दापण हुआ था। 

भारतीय इतिहास के 500वें टेस्ट मैच में अय्यर ने भी पहली पारी में 105 रनों की शतकीय पारी खेली थी। वहीं दूसरी पारी में उन्होंने 65 रनों की अर्द्धशतकीय पारी खेलकर ड्रा मैच में मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार भी अपने नाम किया था।

Related News