January 25, 2026

संवाददाता
कानपुर।
श्याम नगर की बीबीए छात्रा वैष्णवी साहू के चेहरे का मवाद करीब 90 प्रतिशत तक निकाला जा चुका हैं। इसी हफ्ते उसकी प्लास्टिक सर्जरी की जाएगी। आवारा कुत्तों ने 20 अगस्त की शाम को हमला करके वैष्णवी को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था, अब धीरे-धीरे वह स्वस्थ होने की ओर बढ़ रही है।
हैलट अस्पताल के इमरजेंसी मेडिसिन वीआईपी वार्ड में भर्ती वैष्णवी के घाव को पूरी तरह से सूखने का इंतजार किया जा रहा हैं। डॉक्टरों का कहना है कि उसकी हालत पहले से बेहतर है।
जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्लास्टिक सर्जन डॉ. प्रेमशंकर ने बताया कि हमले के बाद घावों में मवाद भरने के चलते टांकों को खोलना पड़ा था, जो कि पहले जहां इलाज हुआ था वहां पर लगाए गए थे।
पिछले कई दिनों से लगातार चेहरे की सफाई की जा रही है और अब लगभग पूरा मवाद निकल चुका है। उन्होंने कहा कि वैष्णवी को खाने-पीने में कोई दिक्कत नहीं है और डॉक्टरों-नर्सों की टीम उसकी लगातार निगरानी कर रही हैं। वैष्णवी की हालत में सुधार होने पर उसकी मां सोनी साहू और अन्य परिजनों ने भी राहत की सांस ली है। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों की मेहनत और भगवान की कृपा से उनकी बेटी जल्द पूरी तरह से ठीक हो जाएगी।
गौरतलब है कि 20 अगस्त को कॉलेज से घर लौटते समय मधुवन पार्क के पास आवारा कुत्तों के झुंड ने वैष्णवी पर हमला कर दिया था। कुत्तों ने उसके गाल, नाक और शरीर के कई हिस्सों को बुरी तरह से काट डाला था। सड़क पर गिरी छात्रा की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोगों ने किसी तरह उसे बचाकर अस्पताल पहुंचाया था। 

Related News