January 2, 2026

संवाददाता
कानपुर।
  सोमवार को सुबह मौसम साफ रहा, लेकिन उत्तर-पश्चिम से चल रही बर्फीली हवा ने ठिठुरन और गलन बढ़ा दी है। लोग अलाव के पास बैठे दिखाई दिए। 12वीं तक के स्कूल 1 जनवरी तक बंद कर दिए गए हैं। न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, अगले 3 दिनों तक ठंड और कोहरा अधिक बढ़ने की संभावना बनी हुई है।
रविवार की बात करें तो सुबह घना कोहरा छाया रहा था। पूरे दिन धूप नहीं निकली और धुंध छाई रही। ऐसे में पूरे दिन गलन रही। सुबह से ही कोहरे के साथ ओस की बूंदें भी गिरती रहीं। कानपुर पहुंचने वाली 41 ट्रेनें लेट रहीं।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि कानपुर मंडल में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। दिन में धूप निकल सकती है, लेकिन सुबह शाम की धुंध और कोहरा बना रहेगा। आने वाले दिनों में उत्तर पश्चिमी हवाओं की गति बढ़ेगी, जिससे दोपहर में धुंध व कोहरा कम हो सकता है। भू-मध्य रेखा व बंगाल की खाड़ी में उठी हलचल के चलते बादल छा सकते हैं। हालांकि आने वाले 24 घंटों में बारिश की संभावना नहीं है।
बीते कई दिनों से कोहरे के चलते ट्रेनें भी देरी से कानपुर सेंट्रल पहुंच रही हैं। 41 ट्रेनें तय समय से घंटों देरी से स्टेशन पहुंची। अयोध्या कैंट से चलकर आनंद विहार टर्मिनल जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस (22425) 2.56 घंटे, बनारस से नई दिल्ली जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस (22435) 04.09 घंटे, वाराणसी से आगरा कैंट जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस (20175) 04.28 घंटे, नई दिल्ली से बनारस जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस (22416) 06.29 घंटे देरी से आई। नई दिल्ली से लखनऊ जाने वाली तेजस एक्सप्रेस (82502) 05.11 घंटे लेट रही। लखनऊ से चलकर नई दिल्ली जाने वाली स्वर्ण शताब्दी (12003) 5.13 घंटे देरी से सेंट्रल पहुंची। इनके अलावा राजधानी व अन्य ट्रेनें भी लेट रहीं।