February 10, 2026

संवाददाता 

कानपुर। गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के स्वागत में शक्ति प्रदर्शन किया। इस शक्ति प्रदर्शन को आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भी देखा जा रहा है जिसमें कार्यकर्ताओं का जोश हाई रहा।

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कानपुर में करीब 20 किलोमीटर लंबा रोड शो किया। जगह-जगह हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर, मालाएं पहनाकर और नारों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। भाजपा की महानगर इकाई की उत्तर कमेटी की ओर से परेड चौराहे पर लगभग तीन कुंतल की माला पहनाने की तैयारी की थी । हालांकि इतनी वजनदार माला पहनाने के लिए विशेष प्रयास किए गए थे। क्रेन की मदद से उनको विशाल माला पहनाकर स्वागत किया। इस विशेष प्रकार के स्वागत से वह अभिभूत रहे। उन्होंने इसकी प्रशंसा भी की इस दौरान उन्होंने कहा कि संगठन बहुत मजबूती से आगे बढ़ रहा है।  उन्होंने कहा कि    

कानपुर की जनता ने बहुत ही गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। वह उसके लिए  जनता और कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हैं।

बताते चलें कि प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पंकज चौधरी का यह पहला कानपुर दौरा रहा। संगठन की ओर से इस रोड शो को भव्य बनाने के लिए पहले से ही पूरी तैयारी कर ली गई थी।

स्वागत के साथ रोड शो की शुरुआत जाजमऊ से की गई। जैसे ही प्रदेश अध्यक्ष का काफिला पहुंचा, सड़कों के दोनों ओर खड़े भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए उनका स्वागत किया। कई जगह बुलडोजर पर चढ़कर फूलों की बारिश की गई, वहीं कुछ स्थानों कार्यकर्ताओं में पंकज चौधरी को माला पहनाने की होड मची रही।

रोड शो के दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरे रास्ते पर जगह-जगह स्वागत द्वार, बड़े-बड़े होर्डिंग्स, बैनर और पोस्टर लगाए गए थे।

प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में कार्यकर्ताओं ने उन्हें गदा भेंट कर सम्मानित किया। वहीं कार्यक्रम को अलग अंदाज देने के लिए पंकज चौधरी गंगा नदी में नाव पर भी सवार हुए। इस दौरान मछुआरों के साथ उन्होंने भगवा रंग के गुब्बारे आसमान में छोड़े, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जहां सड़क मार्ग पर रोड शो निकला, वहीं गंगा घाट पर जल मार्ग से स्वागत किया गया। साथ ही वायु माध्यम के तौर पर ड्रोन के जरिए ऊंचाई से पुष्प वर्षा की तैयारी भी की गई।

भव्य रोड शो के बीच जाजमऊ में बने मंच पर स्वागत बैनर को लेकर भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। बताया जा रहा है कि मंच पर पहले विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना का बैनर लगाया गया था, लेकिन कुछ देर बाद उसके ऊपर विधायक महेश त्रिवेदी का बैनर लगा दिया गया।

इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई और कुछ देर के लिए माहौल गर्म हो गया। हालांकि बाद में पार्टी पदाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाल ली। प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत अनोखे अंदाज में किया गया है।  भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच आपसी टकराव को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के जाजमऊ गंगा पुल पर प्रस्तावित स्वागत कार्यक्रम ने गुरुवार को शहर की यातायात व्यवस्था की पोल खोल दी। स्वागत के नाम पर की गई अव्यवस्थित तैयारियों के चलते गंगा पुल और उससे जुड़े मार्गों पर करीब दस-दस किलोमीटर तक दोनों ओर लंबा जाम लग गया। हालत यह रहे कि दोपहिया, चारपहिया ही नहीं, एंबुलेंस और आवश्यक सेवाओं के वाहन भी घंटों फंसे रहे।

Related News