
संवाददाता
कानपुर। बारिश का असर रेल यातायात पर पड़ रहा है। जम्मू के कठुआ और पंजाब के माधोपुर क्षेत्र में भारी बारिश और बादल फटने की स्थिति ने रेल यातायात को प्रभावित किया है। रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से कड़े कदम उठाए हैं।
रेलवे ने इन मार्ग पर चलने वाली 69 ट्रेनों को पूरी तरह से रद्द कर दिया है। 17 ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द किया गया है। साथ ही 17 अन्य ट्रेनों के ठहराव के समय में परिवर्तन किया गया है। इनमें से 22 ट्रेनें कानपुर से होकर गुजरती हैं।
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि ट्रेन नंबर 12469 कानपुर सेंट्रल-जम्मू तवी एक्सप्रेस 3, 5, 10, 12, 17, 19, 24 और 26 सितंबर को नहीं चलेगी। इसी तरह ट्रेन नंबर 12470 जम्मू तवी-कानपुर सेंट्रल एक्सप्रेस भी इन्हीं तिथियों पर रद्द रहेगी। इनके अतिरिक्त कई अन्य ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हुआ है।
माता वैष्णो देवी में बीते दिनों यात्रा के दौरान हुए हादसे के बाद ट्रेनों को रद्द किया गया था। यहां तक जो यात्री कटरा और जम्मू में फंसे थे वह भी बड़ी मुश्किल के बाद वहां से निकल सके। लेकिन लगातार जम्मू और पंजाब की तरफ बारिश हो रही है। इसके साथ ही उत्तर भारत में भी मानसून सक्रिय है और लगातार बारिश हो रही है।






