November 16, 2025

संवाददाता
कानपुर।
  कांशीराम अस्पताल के एनेस्थीसिया विभाग के एक डॉक्टर पर नशे में धुत होकर महिलाओं से छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। विभाग की महिला कर्मियों ने डॉक्टर के खिलाफ लिखित में विभागाध्यक्ष से शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद विभाग की ओर से गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की गई।
कांशीराम अस्पताल में तैनात डॉ. शिवम मिश्रा निश्चेतना विभाग में कार्यरत है। इन दिनों डॉ. शिवम ट्रेनिंग के लिए गणेश शंकर विद्यार्थी मेडिकल कॉलेज, कानपुर में प्रशिक्षण के लिए आया हैं। महिला कर्मियों ने आरोप लगाया कि डॉ. शिवम नशे में धुत होकर विभाग में आए और बदतमीजी करने लगे।
इसका सभी ने विरोध किया तो उन्होंने एक महिला कर्मी का जबरन हाथ पकड़ लिया। इसके बाद जब महिला कर्मी ने विरोध किया तो उसका रास्ता रोकने का प्रयास किया।
महिला कर्मियों ने बताया कि जब सुबह 10 बजे डॉ. शिवम मिश्रा विभाग में आते है तो वो नशे में धुत रहते है कोई काम कहने पर सुनते भी नहीं हैं। स्टाफ के हर व्यक्ति के साथ अभद्रता करते हैं।
निश्चेतना विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अपूर्व अग्रवाल ने बताया कि स्टाफ की ओर से एक शिकायती पत्र मिला था। उसके आधार पर उनके खिलाफ एक पत्र प्राचार्य डॉ. संजय काला को लिखा गया था।
उसके आधार पर कार्रवाई करते हुए उन्हें दोबारा से कांशीराम अस्पताल भेज दिया गया है। अब वो यहां पर कभी ट्रेनिंग नहीं कर पाएंगे।