March 10, 2026

संवाददाता
कानपुर।
रतनपुर पनकी मुख्य मार्ग पर एक जर्जर बिजली का पोल बड़ा खतरा बन गया है। नारायणा चौराहे से पावर हाउस की ओर करीब 700 मीटर दूरी पर स्थित बिजली का पोल नीचे से टूट चुका है। तारों के सहारे लटका होने के कारण पोल कभी भी गिर सकता है। व्यस्त मार्ग होने से राहगीरों की सुरक्षा पर संकट है। बिजली विभाग की लापरवाही से स्थिति और गंभीर होती जा रही है।
लोहे का जर्जर पोल जंग लगकर नीचे से टूट चुका है और अब यह केवल बिजली के तारों के सहारे अधर में लटका हुआ है। यह बिजली का पोल रतनपुर-पनकी के व्यस्ततम मार्ग पर स्थित है, जहां रोजाना हजारों लोग आते-जाते हैं। अगर यह पोल गिर जाता है, तो बड़ा हादसा होने की आशंका है, जिससे जान-माल का भारी नुकसान हो सकता है।
स्थानीय दुकानदारों और निवासियों ने बताया कि यह बिजली का पोल करीब एक माह से इसी स्थिति में है। तेज हवाओं के चलने पर यह तारों से टूटकर गिर सकता है, जो राहगीरों के लिए जानलेवा साबित हो सकता है। 

लोगों के द्वारा कई बार बिजली विभाग में जानकारी दी गई,किन्तु बिजली विभाग की ओर से अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।