
संवाददाता
कानपुर। क्राफ्ट-रूट्स हस्तशिल्प प्रदर्शनी शनिवार से लाजपत भवन, कानपुर में आयोजित की जानी थी, लेकिन शुक्रवार को बिगड़े मौसम के कारण कार्यक्रम स्थल पर भीषण जलभराव हो गया।
आनन फानन में आयोजकों ने कार्यक्रम स्थल बदलने का निर्णय लिया। अब ये 5 दिवसीय प्रदर्शनी चुन्नीगंज स्थित नवनिर्मित कंवेंशन सेंटर में आयोजित होगी। इसका उद्घाटन राज्यपाल आनंदी बेन पटेल करेंगी। वो इस कार्यक्रम में करीब 2 घंटे तक रहेंगी।
कानपुर में मिट्टी की खुशबू, पारंपरिक कला की झलक और महिला हुनर की चमक से सजी यह क्राफ्ट-रूट्स हस्तशिल्प प्रदर्शनी आयोजित की जा रही है।
राज्यपाल की पुत्री अनारा बेन पटेल ने बताया कि क्राफ्ट रूट्स संस्था की शुरुआत 2008 में ग्रामश्री संस्था की एक शाखा के रूप में हुई थी, जिसकी स्थापना आनंदीबेन पटेल ने 1995 में की थी।
अब तक यह संस्था 75,000 से अधिक महिलाओं को आत्मनिर्भर बना चुकी है और भारत समेत दुबई, अमेरिका, सिंगापुर में 76 से अधिक प्रदर्शनियों का सफल आयोजन कर चुकी है।
इस बार प्रदर्शनी में 22 राज्यों से 100 से अधिक कारीगर और विविध पारंपरिक कलाएं प्रदर्शित होंगी। दर्शक ओडीशा के पट्ट चित्र, राजस्थान की लाख की चूडिय़ां, उत्तर प्रदेश की कांच की कलाकृतियां और राजस्थान की मिनिएचर पेंटिंग जैसी कलाओं का सजीव प्रदर्शन देख सकेंगे।





