March 27, 2026

संवाददाता 
कानपुर।
नगर के बिधनू थाना क्षेत्र के कठेरुआ के पास गुरुवार सुबह एक सड़क हादसे में बाइक सवार एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। एक तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गईं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में हैलेट अस्पताल रेफर किया गया है।
दलेलपुर गांव निवासी मंजू पासवान अपने जेठ रामराज के साथ बाइक पर सवार होकर घाटमपुर के धरमपुर गांव जा रही थीं। वे अपनी बुआ के घर जा रहे थे। कठेरुआ के पास पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मंजू बाइक से उछलकर सड़क पर गिर गईं। उन्हें सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
परिजनों ने तत्काल एम्बुलेंस की मदद से घायल मंजू को बिधनू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें कानपुर के हैलेट अस्पताल रेफर कर दिया।
बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया, “घायल महिला को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। डंपर और उसके चालक की तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।