
संवाददाता
कानपुर। घाटमपुर में हुसैना गांव में एक कच्ची दीवार गिरने से तीन बच्चे घायल हो गए। घटना में काजल, राजमा और आयुष दीवार के मलबे में दब गए।
घायल बच्चों के परिजनों ने बताया कि तीनों बच्चे कच्चे मकान के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान दीवार अचानक गिर गई। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से तीनों को मलबे से बाहर निकाला गया।
घायल बच्चों को तत्काल घाटमपुर सीएचसी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद राजमा और आयुष की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बच्चों की मां पूजा ने एक व्यक्ति पर दीवार को जानबूझकर गिराने का आरोप लगाया है।
घाटमपुर के इंस्पेक्टर धनंजय पाण्डेय ने बताया कि अभी तक इस मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर जांच करके कार्रवाई की जाएगी।






