June 16, 2025

संवाददाता

कानपुर। मई के महीने में ही गर्मी सितम ढाने लगी है। शुक्रवार की तेज लू और धूप से कानपुर और बुंदेलखंड समेत पूरा यूपी झुलस गया। हीटवेव ने जनजीवन प्रभावित कर दिया। लेकिन शनिवार सुबह से छाए बादलों ने लोगों को कड़ी धूप और गर्मी से राहत दे दी है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 5 दिनों तक बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। गर्म हवाओं ने रात का तापमान भी चढ़ा दिया है।
मौसम विभाग के मुताबिक कानपुर में दिन का पारा सामान्य से 3.8 डिग्री बढ़कर 43.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं 5.8 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज गर्म हवाएं पूरे दिन चलती रहीं।
मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक अब न्यूनतम तापमान भी धीरे-धीरे बढ़ेगा। सीएसए में रात का पारा 28 डिग्री रहा लेकिन एयरफोर्स में यह 28.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। फिलहाल रातें भी गर्म बनी रहने की संभावना है।
कानपुर और आसपास बांदा, फतेहपुर, चित्रकूट और कौशांबी में हीट वेव का ऑरेंज अलर्ट है। कन्नौज और फर्रुखाबाद में भी हीट वेव का अलर्ट बना हुआ है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि फिलहाल पूरे क्षेत्र में मौसम शुष्क बना रहेगा। तेज लू चलेगी जिससे हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है। जब तक जरूरी काम न हो तब तक दिन में घरों के बाहर न निकलें।