May 23, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
नगर में गरज-चमक के साथ बारिश को लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि सुबह से कड़ी धूप निकली हुई है। इससे पहले होलिका दहन की रात को बूंदाबांदी के साथ तेज हवाएं चली थीं।
मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ को देखते हुए आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। कल रात मथुरा में बारिश हुई। कानपुर में रविवार तक के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवाएं चल सकती हैं। हल्की बारिश भी हो सकती है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा। तापमान में गिरावट की संभावना कम है। विक्षोभ लगातार अपना प्रभाव दिखा रहा है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना बनी हुई है। पूर्वी उ. प्र. में केवल कानपुर और आसपास ही हल्की बारिश की उम्मीद है।
हालांकि दिन और रात का तापमान तेजी से चढ़ रहा है। 8 मार्च से अब तक दिन का तापमान 30 डिग्री के ऊपर चल रहा है। फिलहाल इसके नीचे आने की संभावना भी नहीं है।
यह स्थितियां तब है जब उत्तर पश्चिमी हवाएं चल रही हैं। फिर भी तापमान नीचे नहीं आ रहा है। विक्षोभों के कारण पहाड़ों पर बारिश और बर्फबारी जारी है।
न्यूनतम पारा भी 17 डिग्री पर पहुंच गया। यह सामान्य से 3.6 डिग्री अधिक है। रात का पारा भी लगातार चढ़ रहा है। पहली मार्च को रात का पारा 18 डिग्री तक जा चुका है। हवा की रफ्तार अपेक्षा के विपरीत अधिक नहीं बढ़ रही है।