
संवाददाता
कानपुर। नगर से लगे ग्रामीण क्षेत्रों को शहर से जोड़ने के लिए छह नई इलेक्ट्रिक बस सेवाओं का शुक्रवार को शुभारंभ किया गया। शीशूपुर नौगवां से रामादेवी तक चलने वाली इन बसों से ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है। अब हर 20 मिनट में बस सेवा उपलब्ध होगी।
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के निर्देश पर इलेक्ट्रिक बस अधिकारियों ने शीशूपुर नौगवां (अहिरवां) से इस सेवा का उद्घाटन किया। भाजपा किसान मोर्चा कानपुर दक्षिण के जिला महामंत्री अजय प्रताप सिंह ने बसों का पूजन किया।
ग्रामीणों ने बताया कि यह सेवा न केवल उनके लिए सुविधाजनक परिवहन का नया विकल्प है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे उन्हें कम समय और कम किराए में शहर तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
कुल छह बसें इस मार्ग पर चलेंगी, जिनमें से प्रत्येक रोजाना तीन चक्कर लगाएगी। बसों का मार्ग रामादेवी से चकेरी, छतमरा, सुभौली, तिलशहरी, टौंस होते हुए सेमरझाल, नरवल चौराहा से शीशूपुर नौगवां तक होगा।
ग्रामीणों ने इस सराहनीय कार्य के लिए विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने बताया कि पहले गांव तक पहुंचने में काफी चक्कर काटने पड़ते थे और किराया भी अधिक लगता था।
इस कार्यक्रम में ग्राम प्रधान शीशूपुर संतोष कुमार पाल, मुनेश सिंह चौहान, विजय द्विवेदी, सुदामू बाजपेई सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।





