March 10, 2026

संवाददाता
कानपुर।
चकेरी थाना क्षेत्र के मथुरापुर गांव में सड़क किनारे एक बोरे में युवक का जला हुआ शव बरामद हुआ है। ग्रामीणों की सूचना पर चकेरी थाने की पुलिस मौके पर जांच करने पहुंची। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। युवक की नृशंस हत्या के बाद शिनाख्त छिपाने के लिए उसे जलाया गया है। इसके बाद बोरी में भरकर फेंक दिया गया। पुलिस युवक की शिनाख्त करने और मर्डर केस का खुलासा करने का प्रयास कर रही है।
डीसीपी ईस्ट सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि चकेरी थाना क्षेत्र के मथुरापुर गांव में सड़क किनारे एक बोरी पड़ी हुई थी। सुबह क्षेत्रीय लोगों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। मामले की जानकारी मिलते ही चकेरी थाने का पुलिस फोर्स मौके पर जांच करने पहुंचा। 

थाना प्रभारी संतोष शुक्ला ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि युवक का शव बोरी में भरकर लाया गया था और सड़क किनारे चादर में लपेटकर फेंक दिया गया। शव के पास से साड़ी और रजाई भी बरामद हुई है। इस वजह से पुलिस इस मामले को आशनाई में मर्डर से जोड़कर देख रही है।
डीसीपी ने बताया कि जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शिनाख्त करने के लिए पुलिस की दो टीमों को लगाया गया है। जल्द ही मर्डर केस का खुलासा करके आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।
डीसीपी ने बताया कि चकेरी के मथुरापुर में जहां पर यह शव फेंका गया है। उस रोड के दोनों तरफ लगे सीसीटीवी की मदद से देर रात से सुबह तक आने-जाने वालों का सिजरा सीसीटीवी से जुटाया जा रहा है। प्राथमिक जांच में कई संदिग्ध वाहनों को ट्रेस किया गया है। पुलिस और सर्विलांस की टीमें मर्डर केस का खुलासा करने के लिए तेजी से काम कर रही हैं।