March 11, 2026

आज़ाद संवाददाता
कानपुर। थाना महाराजपुर क्षेत्र के सलेमपुर में एक 25 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में पड़ा मिला। मृतक की पहचान सौरभ सिंह के रूप में हुई है, जो धीरज सिंह का पुत्र था।
रविवार को दोपहर सौरभ अपने घर से कपड़े खरीदने बाजार जाने की बात कहकर निकला था। शाम तक जब वह घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू कर दी। शाम को परिजनों को सूचना मिली कि गांव के बाहर सौरभ का शव पड़ा हुआ है।
शव देखकर गांव में हड़कंप मच गया। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक के पिता धीरज सिंह ने बताया कि सौरभ के मुंह से झाग निकल रहा था और कान से खून आ रहा था। इस कारण परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतक शराब का आदी था।
महाराजपुर थाना प्रभारी संजय कुमार पांडे ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा।
पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *