
संवाददाता
कानपुर। जाजमऊ में गंगा किनारे युवक की घर से महज सौ मीटर की दूरी पर नृशंस हत्या कर दी गई। परिवार और मोहल्ले के लोगों को इसकी भनक भी नहीं लगी। सुबह मोहल्ले के लोगों ने शव देखा तो परिजनों को जानकारी दी।
इसके बाद परिवार के लोग और चकेरी थाने की पुलिस, एसीपी, डीसीपी मौके पर जांच करने पहुंचे। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए। परिजनों की मानें तो देर रात युवक दोस्त का फोन आने पर घर से बाहर निकला था, लेकिन लौटकर नहीं आया। परिजनों ने दोस्तों पर हत्या करने की आशंका जताई है।
जाजमऊ बाजपेई नगर ऊंचा टीला निवासी अरबाज खान लोडर चालक था। अरबाज के पिता रियाज टेनरीकर्मी हैं। अरबाज के दो छोटे भाई और तीन बहने हैं। पिता रियाज ने बताया कि किसी दोस्त का फोन आया था। इसके बाद अरबाज घर से बगैर बताए निकल गया था।
देर रात तक अरबाज घर नहीं लौटा और उसका फोन भी स्विच ऑफ हो गया। रात 2 बजे तक परिजनों ने तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चलने पर सभी घर आकर सो गए थे।
मंगलवार सुबह घर से 100 मीटर दूर गंगा किनारे इलाके में रहने वाले बॉबी, फूल बाबू समेत अन्य लोगों ने शव पड़ा देखा तो अरबाज के घर में जानकारी दी।
हत्या की जानकारी मिलते ही अरबाज के पिता रियाज, उसकी मां और भाई-बहन मौके पर पहुंचे। मां और पिता दोनों ने ही बेटे के दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि देर रात दोस्त की कॉल पर ही घर से निकला था और इसके बाद उसका मर्डर कर दिया गया।
हत्याकांड की जानकारी मिलते ही चकेरी थाना प्रभारी संतोष शुक्ला, एसीपी कैंट आकांक्षा पांडेय, एडीसीपी ईस्ट अंजलि विश्वकर्मा और डीसीपी सत्यजीत गुप्ता मौके पर जांच करने पहुंचे। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए।
डीसीपी ईस्ट ने बताया कि युवक के गर्दन में नुकीले हथियार से हमला किया गया है। इसके बाद तार से गला घोंटकर हत्या की गई है। हत्याकांड में दो से तीन लोगों के होने की आशंका है। प्राथमिक जांच में तो लग रहा है कि किसी नजदीकी ने ही हत्याकांड को अंजाम दिया है। जल्द ही इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा करके आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की जाएगी।






