
संवाददाता
कानपुर। आवारा जानवरों की अराजकता ने शुक्रवार को एक साईकिल सवार की जान ले ली। सचेंडी में आज सुबह 9 बजे दवा लेने जा रहे साइकिल सवार को लड़ते हुए दो सांडों ने टक्कर मार दी। जिससे वह तालाब में जा गिरा। ग्रामीणों ने किसी तरह उसे निकाला और पास के निजी अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सचेंडी के दिलीपपुर गांव निवासी मनोज मजदूरी करते थे। उनके परिवार में मां प्रेमवती छोटा भाई विनोद और दो बेटियां जैनी और जया है। उसकी पत्नी मंजू की 10 साल पहले किडनी खराब होने से मौत हो गई थी। मृतक के पिता गेंदालाल ने बताया कि मनोज को दो दिनों से बुखार आ रहा था। जिसके चलते शुक्रवार सुबह वह साइकिल से दवा लेने सचेंडी जा रहा था।
वह अभी सचेंडी में मानशिला मंदिर के पास पहुंचा ही था कि रास्ते में लड़ते हुए दो सांड़ों ने उसे टक्कर मार दी। जिससे वह साइकिल समेत तालाब में जा गिरा। तालाब में सिंघाड़े की बेल लगी थी जिससे वह उसमें फंस गया। ग्रामीणों ने किसी तरह उसे निकाला और पास के निजी अस्पताल ले गए। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।






