January 20, 2026

संवाददाता

कानपुर। बाबूपुरवा से चोरी और नकबजनी के मामले में फरार चल रहा आरोपी कोर्ट में सरेंडर करने आया था। अधिवक्ता ने उसे जमानत दिलाने का आश्वासन दिया था लेकिन जमानत खारिज होने पर वह आरोपी चकमा देकर फरार हो गया। मामले में कोर्ट मोहर्रिर ने कोतवाली थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
कोर्ट मोहर्रिर संध्या ने कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि नयापुरवा बगाही निवासी धर्मेंद्र वर्मा के खिलाफ बाबूपुरवा थाने में चोरी और नकबजनी के मामले में मुकदमा दर्ज था। जिसमें वह फरार चल रहा था। उसके अधिवक्ता ने उसे मुकदमे में जमानत दिलाने का आश्वासन दिया था।
जिसके चलते धर्मेंद्र समेत चार आरोपियों ने कोर्ट में सरेंडर करने का प्रार्थना पत्र दाखिल किया था। सुनवाई के दौरान न्यायाधीश ने बेल खारिज कर दी इस पर आरोपी कचहरी परिसर से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। जिससे पुलिस के हाथ पांव फूल गए।
पुलिस ने आरोपी की तलाश में कचहरी और आसपास काफी खोजबीन की लेकिन उसका पता नहीं चला। जिसके बाद कोर्ट मोहर्रिर संध्या ने मामले में आरोपित के खिलाफ तहरीर दी। 

कोतवाली प्रभारी जगदीश प्रसाद पांडेय ने बताया कि कोर्ट मोहर्रिर की तहरीर पर आरोपित धर्मेंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर तलाश की जा रही है। 

Related News