March 14, 2026

संवाददाता
कानपुर।
जाजमऊ स्थित सिद्धनाथ घाट में गंगा स्नान करने गए दो किशोर गंगा की गहराई में समा गए। जानकारी के अनुसार, चार दोस्त सिद्धनाथ मंदिर दर्शन करने गए थे, इस दौरान गंगा स्नान के दौरान दो किशोर डूब गए। साथियों को डूबता देख साथी किशोरों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह असफल हो गए। हादसे से डरे किशोरों ने घर जाकर देर रात परिजनों और जाजमऊ पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद आज सुबह से पुलिस ने तलाश शुरू की। लेकिन अब तक किशोरों का पता नहीं चल सका है।
श्याम नगर में रहने वाले चार दोस्त सूरज, रौनक, राज और शुभम सिद्धनाथ मंदिर दर्शन करने गए थे। इस दौरान वह सिद्धनाथ घाट में गंगा स्नान को पहुंच गए। शुभम ने बताया कि सूरज और रौनक नहाने के दौरान गंगा में आगे की ओर चले गए, जबकि वह और राज पीछे थे।
तभी अचानक सूरज और रौनक गहराई में समाने लगे, डूबने के दौरान उन लोगों ने शोर मचाना शुरू किया तो शुभम और राज की नजर उनपर पड़ी। इसके बाद उन्होंने बचाने का प्रयास किया, जिस पर वह दोनों भी गहराई में समाने लगे और वह डरकर गंगा से बाहर निकल आए। घाट के आसपास सन्नाटा था।
डरे सहमे किशोरों ने देर रात परिजनों और जाजमऊ पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से किशोरो की तलाश शुरू की, लेकिन उनका पता नहीं चल सका, दोनों की तलाश जारी है।