
संवाददाता
कानपुर। आज पूरे यूपी में आंधी-बारिश को लेकर येलो व ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लेकिन कानपुर में अलर्ट होने के बाद भी बादल बरस नहीं रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक हवाएं स्थिर नहीं हैं। इस कारण कानपुर में बारिश नहीं हो पा रही हैं। बादलों की आवाजाही बनी हुई है।
इस सीजन में पहला मौका है जब पूरे प्रदेश के लिए मौसम की चेतावनी जारी की गई है। वैसे कानपुर छोड़ कर अब तक प्रदेश के कई जिलों में आंधी-पानी से मौसम बदल चुका है। पश्चिमी विक्षोभ और आधा दर्जन परिसंचरण के कारण मौसमी उथल पुथल का दौर पहली मई को शुरू हुआ था जो अब तक जारी है। इसके 7 से 8 मई तक जारी रहने की संभावना है। 6 मई से पूरे प्रदेश में यह गतिविधियां या तो खत्म हो जाएंगी या सीमित क्षेत्र में रह जाएंगी। यदि फिर कोई नया विक्षोभ आता है तो फिर ये गतिविधियां बदल सकती हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक रविवार को प्रदेश के सभी जिलों में येलो अलर्ट था। सोमवार को वैसे तो पूरे उत्तर प्रदेश में अलर्ट रहेगा लेकिन मध्य उत्तर प्रदेश में इसका ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार को भी पूरे प्रदेश में यलो अलर्ट बना रहेगा।
वहीं कानपुर में दिन का तापमान 37.4 डिग्री रहा जो सामान्य से कम है। न्यूनतम पारा 3.6 डिग्री कम होकर 21.8 डिग्री हो गया। यह भी सामान्य से कम रहा। हवा की रफ्तार थम गई। हवा की औसत गति मात्र 6 किमी प्रति घंटा रही। यदि पूर्वी हवाओं ने जोर मारा तो सोमवार तड़के आंधी-पानी की संभावना अधिक रहेगी।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि हवाएं स्थिर नहीं हैं। इस कारण कानपुर में बारिश नहीं हो पा रही है। यदि कोई बदलाव की स्थिति न हुई तो सोमवार को आंधी-बारिश की पूरी संभावना है। अब तक पांच मई के लिए कानपुर समेत आसपास के जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।