November 13, 2025

संवाददाता
कानपुर।
  सेंट्रल स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल ने यात्री जागरूकता अभियान शुरू किया है। यह अभियान एक सप्ताह तक चलेगा। इसका मुख्य उद्देश्य ट्रेन में अलार्म चेन के दुरुपयोग को रोकना है।
आरपीएफ के अधिकारियों ने बताया कि अलार्म चेन एक महत्वपूर्ण सुरक्षा उपकरण है। यह आपातकालीन स्थितियों में यात्रियों की मदद के लिए लगाई गई है। इसका उपयोग सुरक्षा खतरों, चिकित्सा संकटों या तत्काल मदद की जरूरत पड़ने पर ही किया जाना चाहिए।
इस जागरूकता अभियान के दौरान टीएसआई राजेश सिंह, भूपेंद्र सिंह, महिला कांस्टेबल सपना और राकेश कुमार शर्मा सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहे। उन्होंने प्लेटफॉर्म और ट्रेनों में माइक के जरिए यात्रियों को जानकारी दी।
अधिकारियों ने यात्रियों को चेतावनी दी कि बिना वजह अलार्म चेन खींचने पर 1000 रुपए का जुर्माना लगेगा। इसके अलावा 3 महीने की जेल की सजा भी हो सकती है। कुछ मामलों में दोनों सजाएं भी दी जा सकती हैं। 

रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाये जा रहे इस अभियान का लक्ष्य यात्रियों को जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना है।