February 21, 2026

संवाददाता 
कानपुर। 
बार एसोसिएशन वार्षिक चुनाव में वरिष्ठ उपाध्यक्ष, मंत्री, कोषाध्यक्ष समेत 6 पदों के परिणाम घोषित हुए। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर सोनल पाठक ने जीत दर्ज की है। वहीं मंत्री पद पर कृष्णकांत तिवारी ने जीत दर्ज की है। जबकि अनिल बाबू चौधरी संयुक्त मंत्री पुस्तकालय बने।
संयुक्त मंत्री प्रकाशन पद पर अभय त्रिपाठी, कोषाध्यक्ष पद पर भगवतदास और संयुक्त मंत्री प्रशासन पद पर विवेक सिंह ने जीत दर्ज की। संयुक्त मंत्री पुस्तकालय पद पर 5 और मंत्री पद पर 11 प्रत्याशी मैदान में थे।
सबसे पहले वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद की घोषणा की गई। जिसमें सोनल पाठक को 1768 वोट मिले। उन्होंने आनंद सेठी को हराया। आनंद को 1391 वोट हासिल हुए। मंत्री पद पर 1115 वोट पाकर कृष्ण कुमार तिवारी ने 190 वोटों से अजय प्रताप सिंह को हराया।
अजय की दौड़ 925 वोटों पर आकर रुक गई। 747 वोटों से जीत कर संयुक्त मंत्री पुस्तकालय का पद अनिल बाबू चौधरी ने अपने नाम किया। उन्हें 1966 वोट मिले। जबकि उनकी प्रतिद्वंदी गायत्री मिश्रा को 1219 वोट मिले।
संयुक्त मंत्री प्रकाशन पद पर अभय त्रिपाठी ने 2101 वोट हासिल करते हुए सिद्धार्थ वर्मा को 475 वोटों से हराया। सिद्धार्थ को 1626 वोट मिले। 1578 वोट प्राप्त कर भगवतदास ने कोषाध्यक्ष का ताज अपने नाम किया।
उन्होंने श्याम कुमार दीक्षित को 170 वोटों से हराया। श्याम को 1408 मत मिले। वहीं संयुक्त मंत्री प्रशासन पद पर विवेक सिंह ने 429 वोटों से धर्मेंद्र कुमार गुप्ता को पछाड़ दिया। विवेक सिंह को 1788 वोट मिले, जबकि धर्मेेंद्र को 1359 वोट पाकर संतुष्ट होना पड़ा। शाम करीब 4 बजे के बाद कोषाध्यक्ष, संयुक्त मंत्री प्रकाशन व संयुक्त मंत्री प्रशासन पदों की गिनती शुरू हुई थी।
जीत की घोषणा होते ही कचहरी परिसर में समर्थकों ने जमकर आतिशबाजी की थी। सुबह एक घंटा देरी से मतगणना शुरू हुई। प्रत्याशियों के सामने सील मतपेटियों को खोला गया। प्रत्याशियों की उपस्थिति में ही मतपत्रों को अलग-अलग किया गया। इसके बाद मतों की गिनती शुरू हुई।
चेयरमैन के मुताबिक वरिष्ठ उपाध्यक्ष और मंत्री पदों पर घोषणा होते ही कोषाध्यक्ष, संयुक्त मंत्री प्रकाशन और संयुक्त मंत्री प्रशासन पदों की गणना शुरू कर दी गई थी । 

Related News