
संवाददाता
कानपुर। सुबह से तेज धूप के कारण उमस लोगों को काफी परेशान कर रही है। आसमान बिल्कुल साफ हैं। मौसम विशेषज्ञों की मानो तो उमस काफी बढ़ेगी और तापमान में भी वृद्धि होगी।
पिछले दो दिनों में अधिकतम तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी हुई हैं। यदि धूप ऐसे ही रही तो मौसम अभी और गर्म होगा।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ प्रो. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि 14 अगस्त को अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस रहा। 15 अगस्त को ये तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। वहीं 16 अगस्त को अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस रहा और न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
अधिकतम आर्द्रता 82 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 60 प्रतिशत रही। हवा की औसत गति 6.3 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दक्षिण से पश्चिम की ओर रही। वर्षा 0.2 मिली मीटर दर्ज की गई हैं।
प्रो. सुनील पांडेय ने बताया कि कानपुर एवं भारत मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी 4 दिनों मे हल्के बादल रहने के कारण 18 अगस्त तक मध्य तेज हवाओं, गरज चमक के साथ स्थानीय स्तर पर केवल बूंदा बांदी, हल्की वर्षा रहने की संभावना है।
मानसून टर्फ लाइन अब बीकानेर, कोटा, दमोह, बिलासपुर से होकर गुजर रही है और वहां से दक्षिण ओडिशा, उत्तरी आंध्र प्रदेश के तटों और बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम-मध्य के आसपास के क्षेत्रों पर निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है।






