
आ स. संवाददाता
कानपुर। 5 महीने के प्रवास के बाद यूरोपीय देशों में पाए जाने वाले साइबेरियन पक्षी अपने घरों को लौटने लगे हैं। कोल्ड क्लाइमेट वाले स्थानों यूरोप, साइबेरिया, अलास्का जैसे स्थानों पर भारी बर्फबारी होने पर यह साइबेरियन पक्षी भारत में सितंबर माह में आने शुरू हो जाते है। इस बार ठंड जल्द खत्म होने पर यह पक्षी 15 दिन पहले ही वापस अपने घर जाना शुरू हो गया है।
कानपुर प्राणि उद्यान के डॉ. नीतेश कटियार ने बताया कि पेंटेड स्टॉर्क पक्षी ठंडक वाले स्थानों पर पाए जाते है। यूरोपीय देशों में सर्दी के मौसम के भारी बर्फबारी होने पर यह पक्षी सितंबर माह में भारत के विभिन्न इलाकों में आते है।
कानपुर के प्राणि उद्यान में यह पक्षी जंगल सफारी के किनारे झील के पास वाले शांत इलाकों में अपना ठिकाना बनाते है। डॉ. नीतेश कटियार ने बताया कि तकरीबन 2 से 3 हजार की संख्या में पक्षी कानपुर प्राणि उद्यान के शांत इलाके में अपना ठिकाना बनाते है।
डॉ. नीतेश के मुताबिक इस बार कम ठंड पड़ने के कारण यह पक्षी करीब 15 दिन पहले ही अपने घरों को लौटने लगे है। पहले यह पक्षी फरवरी माह के अंत से मार्च माह तक अपने इलाकों में वापस जाते थे।