March 10, 2026

संवाददाता
कानपुर।
पीठ की सर्जरी से उबरने के बाद स्टार बल्लेबाज श्रेयस अय्यर अब एक बार फिर मैदान पर उतरने को तैयार हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने अय्यर को 30 सितंबर से ग्रीनपार्क स्टेडियम, कानपुर में शुरू हो रही भारत ए बनाम ऑस्ट्रेलिया ए की तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम की कमान सौंपी है।
गौरतलब है कि अय्यर ने हाल ही में रेड बॉल क्रिकेट से 6 महीने का ब्रेक मांगा था, जिसे बीसीसीआई ने स्वीकार कर लिया था। पीठ की सर्जरी के बाद रिकवरी के चलते वह लखनऊ में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ पहले चार दिवसीय मैच में खेलने के बाद हट गए थे।
अब श्रेयस सफेद गेंद से एक बार फिर से अपने क्रिकेट की शुरुआत करेंगे। वो रजत पाटीदार की जगह टीम में लेंगे। पाटीदार को अब ईरानी कप के लिए रेस्ट ऑफ इंडिया टीम की कप्तानी दी गई है। रेस्ट ऑफ इंडिया की टीम 1 अक्टूबर से नागपुर में मौजूदा रणजी चैंपियन विदर्भ के खिलाफ खेलेगी।
अय्यर की वापसी और एशिया कप में धमाल मचाकर लौट रहे अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा के कारण ग्रीनपार्क में होने वाली ये सीरीज पहले से और भी ज्यादा चर्चा में आ गई है।
तीन वनडे मैचों की ये सीरीज दर्शकों के लिए किसी त्योहार से कम नहीं होगी। टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग भी जोरों पर है और शुक्रवार से काउंटर पर बिक्री शुरू होने के साथ ही स्टेडियम के बाहर भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है।
पहले वनडे ( 30 सितंबर ) के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर को बनाया गया है। इसके अलावा टीम में (विकेटकीपर) प्रभसिमरन सिंह, रियाग पराग, आयुष बदोनी, सूर्यांश शेडगे, विप्रज निगम, निशांत सिंधु, गुरजपनीत सिंह, युद्धवीर सिंह, रवि विश्नोई, (विकेटकीपर) अभिषेक पोरेल, प्रियांश आर्या, सिमरजीत सिंह हैं।
दूसरे और तीसरे वनडे (2 और 4 अक्टूबर) के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर के अलावा टीम में उपकप्तान तिलक वर्मा, अभिषेक शर्मा, प्रभसिमरन सिंह, रियाग पराग, आयुष बदोनी, सूर्यांश शेडगे, विप्रज निगम, निशांत सिंधु, गुरजपनीत सिंह, युद्धवीर सिंह, रवि विश्नोई, अभिषेक पोरेल, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह हैं।