February 7, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर। नगर में सुबह हल्की धुंध के साथ मौसम में ठंडक होनी शुरू हो गई है। दिसंबर की शुरुआत के साथ ही ठंड भी अपनी दस्तक दे चुकी है, लेकिन कड़ाके की ठंड अब भी नदारद है। मौसम विभाग के मुताबिक, 8 दिसंबर के बाद कड़ाके की ठंड की शुरुआत होने के आसार हैं। 
मौसम विभाग के मुताबिक फेंगल तूफान का असर अब भी बना हुआ है। अधिकतम तापमान में करीब 4 डिग्री बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। तापमान 29 डिग्री तक बना हुआ है। इसकी वजह से ठंडी उत्तरी-पश्चिमी हवाएं नहीं आ पा रही हैं। पंजाब तक ये हवाएं आ रही हैं, इसलिए वहां कड़ाके की ठंड की शुरुआत हो गई है।
फेंगल तूफान के असर के चलते यूपी में अभी गर्म हवाएं बनी हुई हैं। इसकी वजह से सुबह कोहरा और प्रदूषण अधिक हो रहा है। 8 दिसंबर के बाद ये परिस्थितियां बदलेंगी और नए विक्षोभ के बनने से उत्तर-पश्चिमी ठंडी  हवाएं आना शुरू होंगी। ये हवाएं 7 दिसंबर के बाद कभी भी आना शुरू हो सकती हैं।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक अगले दो से तीन दिन दोपहर में हल्की धूप रहेगी। अभी 7 दिसंबर तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है। कहीं भी घना कोहरा होने का अलर्ट नहीं जारी किया गया है। 
कानपुर शहर में 10 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। बाकी सभी जिलों में न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री के बीच दर्ज किया गया है।