March 13, 2026

संवाददाता

कानपुर।  ग्रामीण भाजपा की ओर से हर घर तिरंगा अभियान के तहत तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। जिलाध्यक्ष उपेन्द्र पासवान के नेतृत्व में यह यात्रा तीन अलग-अलग मंडलों में निकाली गई। बरीपाल मंडल में सजेती के सदर बाजार से बिहारेश्वर मंदिर तक यात्रा निकली। घाटमपुर नगर मंडल में गांधी विद्यापीठ इंटर कॉलेज से नगरपालिका तक यात्रा का आयोजन हुआ। पतारा मंडल में नेहरू विद्यापीठ इंटर कॉलेज से ज्वाला देवी मंदिर तक कार्यक्रम हुआ। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाए।
जिलाध्यक्ष पासवान ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा शुरू किए गए आजादी का अमृत महोत्सव के तीन मुख्य उद्देश्य हैं। पहला, हर नागरिक को स्वतंत्रता संग्राम का इतिहास याद दिलाना। दूसरा, आजादी के 75 वर्षों में देश की उपलब्धियों से अवगत कराना। तीसरा, अगले 25 वर्षों में भारत को हर क्षेत्र में विश्व में अग्रणी बनाने का संकल्प दिलाना।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की है। सभी नागरिकों को अपने घरों, दफ्तरों और कारखानों पर तिरंगा फहराना चाहिए। 

इस अवसर पर उन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।