January 18, 2026

• बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 करोड़।

संवाददाता 

कानपुर। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से 10 किलो चरस के साथ एक विदेशी तस्कर और एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। रेलवे सुरक्षा बल और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की संयुक्त कार्रवाई में बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 5 करोड़ रुपये आंकी गई है। बताते चलें कि बीते कई दिनों से आरपीएफ के मुख्य सुरक्षा आयुक्त एवं मंडल सुरक्षा आयुक्त के संयुक्त निर्देशन एवं आरपीएफ के पर्यवेक्षण में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अन्य अपराधों की रोकथाम हेतु सघन अभियान चलाया जा रहा है। 

इसी क्रम में मंगलवार को एनसीबी लखनऊ के निरीक्षक अतुल कुमार एवं निरीक्षक अनुराग पटेल ने कानपुर की आरपीएफ को सूचना दी कि एक महिला एवं एक पुरुष किसी गाड़ी से मादक पदार्थ लेकर कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंच सकते हैं।

सूचना के आधार पर निरीक्षक एस.एन. पाटीदार के नेतृत्व में उप निरीक्षक अंजना सिंह, आरपीएफ स्टाफ एवं एनसीबी टीम द्वारा कानपुर सेंट्रल स्टेशन के कैंट साइड निकास द्वार पर गुप्त निगरानी की गई। इस दौरान एक महिला और एक पुरुष संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। संदेह होने पर दोनों को रोका गया और संयुक्त रूप से पूछताछ की गई, जिसमें वे घबराए हुए नजर आए और संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद दोनों को आरपीएफ की टीम कानपुर सेंट्रल लाकर गहन पूछताछ की। पूछताछ में पुरुष ने अपना नाम राम पुकार, निवासी पर्सा, नेपाल बताया। उसके पिट्ठू बैग की तलाशी लेने पर 500 ग्राम के 20 पैकेट, कुल 10 किलोग्राम चरस बरामद की गई। वहीं महिला ने अपना नाम राजमती देवी, निवासी बेतिया, बिहार बताया।

एनसीबी द्वारा दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट  के तहत कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया गया है।

Related News